Jamshedpur : बिष्टुपुर में चाय दुकान चलाने वाले युवती मेंहदी कुमारी पर खौलते चाय फेंकने के एक और आरोपी सन्नी मिश्रा उर्फ समीर ने कोर्ट में सरेंडर किया है। कोर्ट में सरेंडर करने के बाद सन्नी मिश्रा को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को एक अन्य आरोपी प्रेम कुमार ने भी कोर्ट में सरेंडर किया था और उसे जेल भेजा गया था। अब तक इस घटना के तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस ने सबसे पहले घटना के मुख्य आरोपी अभय तिवारी को पकड़ कर जेल भेजा था। बताते हैं कि 6 अप्रैल को बिष्टुपुर में चाय दुकान पर चाय पीने कुछ युवक पहुंचे थे। इन युवकों ने मेंहदी कुमारी से चाय मांगी थी। मेंहदी कुमारी जब चाय लेकर इन युवकों को देने गई तो इन युवकों ने खौलती चाय मेंहदी कुमारी पर फेंक दी थी।
चाय देने में देर होने पर युवकों ने घटना को दिया था अंजाम
युवकों का कहना था कि ऑर्डर देने के काफी देर बाद चाय आई है। इस घटना से मेंहदी कुमारी बुरी तरह जल गई थी और उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। मेंहदी कुमारी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सबसे पहले आरोपी अभय तिवारी को भेजा गया था जेल
इस घटना के बाद जमशेदपुर के लोगों ने मेंहदी कुमारी को इंसाफ दिलाने के लिए अभियान चलाया। सोशल मीडिया पर अभियान चलाया गया। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी अभय तिवारी को जेल भेजा और अब पुलिस के दबाव में दो अन्य आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया है।

