चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में उग्रवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को राज्य सरकार की अनुकम्पा नीति के तहत नौकरी दी गई है। गुदड़ी थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2018 को सादो बारजो तथा आनंदपुर थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2020 को नमन बुढ़ की उग्रवादी घटना में हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं के बाद मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास के उद्देश्य से अनुकम्पा के आधार पर निम्नवर्गीय लिपिक पद पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया।
20 मार्च को दी गई प्रस्ताव को मंजूरी
इस संबंध में जिला स्तरीय अनुकम्पा समिति की बैठक 26 सितंबर 2025 एवं 20 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर नियुक्ति को मंजूरी दी गई। निर्णय के तहत सादो बारजो की पत्नी एसरन सोय (ग्राम-लामडार, थाना-गुदड़ी) और नमन बुढ़ के पुत्र विकास बुढ़ (ग्राम-गुन्डरी, थाना-आनन्दपुर) को नियुक्ति प्रदान की गई।
प्रभावित परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण व पुनर्वास में सहायक
शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम के जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने दोनों आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपा। अधिकारियों ने कहा कि यह नियुक्ति प्रभावित परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके पुनर्वास में सहायक होगी। इस मौके पर कई गण्यमान्य लोग व पीड़ित परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।
Read Also- Chaibasa Road Accident : ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत

