चाईबासा : भारतीय प्रशासनिक सेवा 2018 बैच के अधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के 135 वें जिला दण्डाधिकारी – सह-उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त चंदन कुमार से औपचारिक रूप से कार्यभार लिया। नवनियुक्त उपायुक्त मनीष कुमार इससे पूर्व पाकुड़ जिले में उपायुक्त के पद पर पदस्थापित थे।
पदभार ग्रहण के मौके पर जिला समाहरणालय में उनका स्वागत किया गया। डीडीसी, एसडीओ, एसडीपीओ समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने बुके देकर उनका अभिनंदन किया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाएं: उपयुक्त
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी एवं महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं को धरातल पर बेहतर तरीके से लागू कराना और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना उनका लक्ष्य है। डीसी मनीष कुमार ने कहा कि जिले की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को समझ कर तथा स्थानीय रीति-रिवाज का सम्मान करते हुए काम करेंगे।
विधि व्यवस्था का संधारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि जिले में तालमेल और समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था का संधारण और निरंतर विकास कार्य जारी रखना उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। पूर्व से संचालित सभी योजनाओं को और बेहतर बनाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उपायुक्त ने कहा कि कर्मचारियों के हित में भी बेहतर कार्य करने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवाचारों और कार्यक्रमों को समझते हुए जिले को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से टीम भावना से काम करने की अपील की।
निवर्तमान उपायुक्त चंदन कुमार को सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। पदभार सौंपने के बाद उन्होंने मनीष कुमार को जिले की प्रमुख चुनौतियों और योजनाओं की जानकारी दी।

