चाईबासा : झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शनिवार से शुरू हुए अंतर जिला महिला अंडर -19 क्रिकेट प्रतियोगिता में जमशेदपुर ने सरायकेला-खरसावां को एकतरफा मुकाबले में 175 रनों से और देवघर ने कोडरमा को 9 विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में पूर्वाह्न नौ बजे से खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 220 रनों का स्कोर खड़ा किया। जमशेदपुर की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी प्राची प्रधान ने की, जिसने मात्र 39 गेंदों पर तेरह चौके एवं दो छक्के की मदद से 87 नाबाद रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में नादिया अली ने आठ चौके की सहायता से 57 रन तथा अनन्या वर्मा ने सात चौके एवं एक छक्का की मदद से 48 रनों का योगदान दिया।
सरायकेला-खरसावां की ओर से दृष्टि सिंह, महक राव, भाग्यलक्ष्मी महतो एवं रेनिता हपतगड़ा ने एक-एक विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित बीस ओवर में 221 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरायकेला-खरसावां की टीम पूरे बीस ओवर खेलकर सात विकेट के नुकसान पर 45 रन ही बना पाई। इस टीम की ओर से अंकिता कुमारी के 12 रन को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। जमशेदपुर की इशिका दीपक ने दो रन देकर दो विकेट हासिल किए। मेधा कुमारी, स्तुती सलोनी एवं रेनिता हपतगड़ा को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जमशेदपुर की प्राची प्रधान बनी प्लेयर ऑफ द मैच
जमशेदपुर की प्राची प्रधान को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
पुरस्कार स्वरुप उसे पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच के लाइजनिंग आफिसर गोविंदा मुखर्जी ने प्रदान किया।
आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में देवघर ने कोडरमा को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से पराजित किया।
कोडरमा की टीम ने की पहले बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोडरमा की टीम 18.5 ओवर में 58 रन पर सिमट गई। कोडरमा की अर्पिता ने 13 रन बनाए। देवघर की ओर से कप्तान सोनिया कुमारी ने चार रन देकर तीन विकेट हासिल किए तथा प्लेयर ऑफ द मैच की हकदार बनी। रिचा आर्या को दो सफलता हाथ लगी जबकि लक्ष्मी कुमारी, जयमाला कुमारी एवं पिंकी कुमारी को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले मैच का विधिवत उद्घाटन झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष सह मैच के लाइजनिंग आफिसर गोविंदा मुखर्जी ने की। उन्होंने दोनों टीमों तथा मैच अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शानदार शाट लगाकर मैच प्रारंभ करने की घोषणा की।

