Chatra : झारखंड के चतरा जिले में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना हुई है। सदर प्रखंड के भोज्या गांव स्थित बड़का आहार तालाब में डूबने से एक मां और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गौरतलब है कि खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों गीता कुमारी (8 वर्ष) और मालती कुमारी (6 वर्ष) के साथ तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बेटी को बचाने के लिए मां तुरंत तालाब में कूद पड़ीं।
वहीं, दूसरी बेटी भी मां और बहन को बचाने के प्रयास में पानी में उतर गई।लेकिन तालाब की अधिक गहराई और किनारे पर फिसलन होने के कारण तीनों खुद को संभाल नहीं सकीं और देखते ही देखते डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बाहर निकाले।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और प्रशासन समय पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय पर मदद मिलती, तो शायद जान बचाई जा सकती थी।फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। साथ ही प्रशासन से ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

