Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। रांची रेल मंडल के सिल्ली थाना क्षेत्र में किता और जोन्हा रेलवे स्टेशन के बीच एक अज्ञात महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों ने रेलवे लाइन के थर्ड ट्रैक पर पोल संख्या 368/12 के पास एक महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिल्ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया।प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन से कटकर मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन यह हादसा है या आत्महत्या, इस पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।घटनास्थल पर मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

