
Jamshedpur : झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले वर्ष अप्रैल-मई में होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलों में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मतदान केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। जमशेदपुर पंचायत कार्यालय में भी चुनाव की तैयारी शुरू है।
हालांकि पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण लागू करने के लिए पहले ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके जरिए ओबीसी वर्ग की आबादी और प्रतिनिधित्व का आकलन कर चुनाव में आरक्षण तय किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को दिए जाने की संभावना है।
वर्ष 2022 में झारखंड में पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण के बिना कराया गया था। इसे लेकर काफी विवाद हुआ था। बाद में राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी कर ओबीसी आरक्षण के साथ नगर निकाय चुनाव कराया। ऐसे में अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव में भी ओबीसी आरक्षण लागू होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
ओबीसी आरक्षण को लेकर पंचायती राज विभाग को कैबिनेट से मंजूरी लेनी होगी। ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करने में करीब दो से तीन महीने का समय लग सकता है। ऐसे में उम्मीद है कि सरकार अक्टूबर तक इस संबंध में निर्णय ले सकती है।
19 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि से तैयार हो सकती है मतदाता सूची
अगले वर्ष पंचायत चुनाव होने को देखते हुए संभावना है कि चुनाव के लिए 19 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि माना जाए। इस तारीख तक मतदाता सूची में शामिल होने वाले नागरिक पंचायत चुनाव में मतदान कर सकेंगे।
दरअसल, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 19 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन प्रस्तावित है। इसके बाद राज्य में मतदाताओं की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो जाएगी।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद राज्य निर्वाचन आयोग भारत निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची का आंकड़ा मांग सकता है। आंकड़ा मिलने के बाद पंचायत स्तर पर मतदाता सूची का विखंडन किया जाएगा और चुनाव की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
झारखंड में कुल पंचायतें : 4,345
ग्राम पंचायत सदस्यों के पद : 53,479
मुखिया के पद : 4,345
पंचायत समिति सदस्यों के पद : 5,341
जिला परिषद सदस्यों के पद : 536
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : ऑडिट में पैसे मांगने की शिकायत, जमशेदपुर में पीएम पोषण योजना का अंकेक्षण स्थगित

