Home » Chaibasa News : जैक 10वीं बोर्ड में कारमेल उच्च विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, सूफिया परवीन जिला स्तर पर छठे स्थान पर

Chaibasa News : जैक 10वीं बोर्ड में कारमेल उच्च विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, सूफिया परवीन जिला स्तर पर छठे स्थान पर

Chaibasa News : कुल परीक्षार्थियों में 96 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी, 52 द्वितीय श्रेणी तथा एक परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : जैक 10वीं बोर्ड परीक्षा में चक्रधरपुर स्थित कारमेल उच्च विद्यालय की छात्रा सूफिया परवीन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले में छठा स्थान प्राप्त किया है। सूफिया ने कुल 477 अंक (95.4 प्रतिशत) हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सूफिया को हिंदी में 89, संस्कृत में 98, गणित में 100, विज्ञान में 96, सामाजिक विज्ञान में 94 तथा अंग्रेजी में 82 अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं वर्षा प्रमाणिक ने 459 अंक (91.8 प्रतिशत) प्राप्त कर विद्यालय की द्वितीय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वर्षा को हिंदी में 88, आईटी में 84, गणित में 100, विज्ञान में 95, सामाजिक विज्ञान में 93 तथा अंग्रेजी में 82 अंक मिले हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर सरिता ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस वर्ष भी मैट्रिक परीक्षा में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है।

कुल परीक्षार्थियों में 96 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी, 52 द्वितीय श्रेणी तथा एक परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
इसके अलावा मनल मेलगांडी (455), बोनता सामाड (441), अर्चना बोदरा (424), जारा इकबाल (422), भरोन हासदा (422), श्रुति गुंदुवा (418), अफिया परवीन (402) तथा रंजीत बांदिया (401) अंक प्राप्त कर विद्यालय के टॉप-10 सूची में शामिल हुए।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सूफिया परवीन बनेगी टीचर

कार्मेल हाई स्कूल की छात्रा सूफिया परवीन अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थीं। आगे वे आर्ट्स विषय लेकर पढ़ाई जारी रखेंगी और भविष्य में शिक्षक बनना चाहती हैं। सूफिया के पिता एमडी मोइन व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता जरीना खातून गृहिणी हैं। उनका परिवार चक्रधरपुर नगर के बंगलाटांड क्षेत्र में निवास करता है। सूफिया ने अपनी बड़ी बहन शायना परवीन के मार्गदर्शन को भी अपनी सफलता में अहम बताया।

वर्षा प्रमाणिक का मेडिकल में जाने का सपना

कार्मेल स्कूल की छात्रा वर्षा प्रमाणिक ने बताया कि वह आगे साइंस विषय लेकर पढ़ाई करेंगी और उनका लक्ष्य मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना है। उन्होंने अपनी पढ़ाई में इंटरनेट का प्रभावी उपयोग किया और मोबाइल का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए किया। वर्षा के पिता भक्त रंजन प्रमाणिक निजी नौकरी करते हैं, जबकि माता भाग्य लक्ष्मी प्रमाणिक गृहिणी हैं। उनका परिवार प्रेम निवास में रहता है। वर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया।

मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

चक्रधरपुर स्थित मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय के छात्रों ने झारखंड बोर्ड 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र धीरज कुमार भंज ने 94.80 प्रतिशत अंक (कुल 474 अंक) प्राप्त कर जिले में 9वां स्थान हासिल किया है।

धीरज को विषयवार हिंदी में 97, संस्कृत में 95, गणित में 98, विज्ञान में 93, सामाजिक विज्ञान में 91 तथा अंग्रेजी में 79 अंक प्राप्त हुए हैं। धीरज चक्रधरपुर प्रखंड के सिलफोड़ी पंचायत अंतर्गत बुढ़ीगोड़ा गांव का निवासी है। उसकी माता आरती देवी मजदूरी और खेती-बाड़ी कर बेटे की पढ़ाई का खर्च उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे अपने बेटे को पढ़ा रही हैं, ताकि वह भविष्य में अच्छा मुकाम हासिल कर सके।

धीरज ने बताया कि वह रोजाना लगभग 6 घंटे पढ़ाई करता था और आगे की पढ़ाई चक्रधरपुर में ही विज्ञान संकाय से करेगा।

राकेश प्रधान को मिला दसवां स्थान

वहीं विद्यालय के ही छात्र राकेश प्रधान ने 473 अंक प्राप्त कर जिले में 10वां स्थान प्राप्त किया। राकेश को हिंदी में 93, संस्कृत में 97, गणित में 99, विज्ञान में 98, सामाजिक विज्ञान में 86 तथा अंग्रेजी में 81 अंक मिले हैं।
राकेश चक्रधरपुर प्रखंड के जामिद पंचायत अंतर्गत बारहकाटा गांव का निवासी है। उसके पिता का निधन हो चुका है और उसकी मां गृहिणी हैं। राकेश ने बताया कि वह प्रतिदिन स्कूल से लौटने के बाद 5 से 6 घंटे पढ़ाई करता था। वह इंटर में विज्ञान संकाय लेकर आगे की पढ़ाई करना चाहता है।
दोनों छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और अपने परिवार के सहयोग को दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Read Also: Jamshedpur News : जैक बोर्ड 10वीं की परीक्षा में ओम कुमार बने जिला टॉपर, पूर्वी सिंहभूम का 98.02% रिजल्ट

Related Articles

Leave a Comment