रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर देते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं समय सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए पूर्ण किए जाएं।
वे गुरुवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर तथा संबंधित आधारभूत ढांचे के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की।
राज्य के सतत विकास के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य के सतत विकास के लिए आधुनिक एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जरूरी है। ऐसी परियोजनाएं प्रशासनिक कार्यक्षमता को सशक्त बनाने के साथ राज्य की प्रगतिशील छवि को भी मजबूत करती हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्माण प्रक्रिया में नवीनतम तकनीक, श्रेष्ठ संसाधनों एवं प्रभावी प्रबंधन का उपयोग सुनिश्चित करने तथा कार्यों की सतत निगरानी के आदेश दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की शिथिलता को अस्वीकार्य बताते हुए त्वरित क्रियान्वयन पर बल दिया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति प्रतिवेदन एवं भावी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

