Jamshedpur : जमशेदपुर में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 22 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई।वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि टिनप्लेट स्थित खालसा स्कूल के पास एक युवक गांजा बेचने के इरादे से पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक दिखा, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया।
इस दौरान टाइगर मोबाइल के आरक्षी शम्स तबरेज खुर्शीद को हल्की चोट भी लगी, लेकिन अंततः आरोपी को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा थाना क्षेत्र के ट्रैफिक कॉलोनी, गुदड़ी मार्केट का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से सफेद झोले में रखे चार पैकेट बरामद किए गए, जो भूरे प्लास्टिक में लिपटे थे।
जांच में यह गांजा पाया गया।पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में करीब 4 किलो 30 ग्राम गांजा को जब्त कर सील कर दिया। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोटरोला मोबाइल फोन और होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05EE-8424) भी बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी वर्ष 2017 में मारपीट के एक मामले में जेल जा चुका।
Read also : Jamshedpur News : जैक बोर्ड 10वीं की परीक्षा में ओम कुमार बने जिला टॉपर, पूर्वी सिंहभूम का 98.02% रिजल्ट

