चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को उत्पाद विभाग और चक्रधरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध देसी शराब और शराब बनाने की सामग्री जब्त की गई, जबकि संचालक मौके से फरार हो गया।
पकुआबेड़ा नदी किनारे चला अभियान
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चक्रधरपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर पकुआबेड़ा नदी किनारे स्थित गांव में छापेमारी की गई। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नदी किनारे अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण किया जा रहा है।
3200 किलो जावा महुआ बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से 3200 किलो जावा महुआ और 60 लीटर तैयार अवैध देसी शराब बरामद की गई। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही 6 भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबार का संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
फरार अभियुक्त की तलाश जारी
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार अभियुक्त की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। चक्रधरपुर थाना पुलिस भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
Read Also: Chaibasa News: ग्रामीणों के इच्छा के अनुरूप ही हो सड़क का निर्माण: जोबा माझी

