Home » Khunti Crime News: जिलिंगा जंगल से PLFI के दो उग्रवादी गिरफ्तार;बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना पर कर रहे थे काम

Khunti Crime News: जिलिंगा जंगल से PLFI के दो उग्रवादी गिरफ्तार;बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना पर कर रहे थे काम

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी। खूंटी पुलिस ने शनिवार को जिलिंगा जंगल में छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जंगल का फायदा उठाकर अन्य उग्रवादी भाग निकले। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस को यह सफलता हाथ लगी। उग्रवादियों ने अपने साथियों के नाम बताए हैं जिसके आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार उग्रवादियों में रनिया थानांतर्गत निचितपुर गांव के मूल निवासी राजू स्वांसी (32) और उड़िकेल बड़का टोली निवासी कुलन कोनगाड़ी (27) शामिल हैं। उनके पास से दो कट्टा और दो गोलियां बरामद की गई हैं। खूंटी थाना में मामला दर्ज करते हुए पुलिस अन्य उग्रवादियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शनिवार को बताया कि उन्हें यह सूचना मिली थी कि जिलिंगा जंगल में पीएलएफआई संगठन के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने, संगठन विस्तार करने और क्षेत्र में लेवी वसूली के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिलिंगा जंगल क्षेत्र से उक्त दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के क्रम में तीन-चार अन्य उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के क्रम में दोनों के पास से एक-एक लोडेड देसी कट्टा और 08 एमएम की दो गोलियां बरामद की गई हैं।

लेवी वसूली का करते थे काम

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने खुद को पीएलएफआई संगठन के सक्रिय सदस्यों का सहयोगी बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे संगठन के निर्देश पर लेवी वसूली में सहयोग करते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुलन कोनगाड़ी के खिलाफ तोरपा और रनिया थाना में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, 17 सीएलए से जुड़े संगीन मामले शामिल हैं।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार,खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत कुमार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Read Also: Dhanbad News: बंद सड़क पर अनशन पर बैठे विधायक राज सिन्हा; कहा- नहीं खुली तो आंदोलन होगा तेज

Related Articles

Leave a Comment