रांची : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों की वार्षिक परफॉर्मेंस अप्रेजल रिपोर्ट (PAR) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्मिक विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर अधिकारियों का सेल्फ अप्रेजल कार्ड जनरेट कर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्य सचिव स्तर से नीचे कार्यरत सभी IAS अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्व-मूल्यांकन विवरण ऑनलाइन दर्ज करने का निर्देश जारी किया गया है।
विभागीय निर्देश में कहा गया है कि सभी अधिकारी पोर्टल पर लॉगिन कर अपने कार्यों, उपलब्धियों, योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक दायित्वों तथा नवाचार संबंधी जानकारी निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें। इसके बाद संबंधित रिपोर्टिंग अथॉरिटी, रिव्यूइंग अथॉरिटी और एक्सेप्टिंग अथॉरिटी द्वारा अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। सरकार ने इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया है।
कार्मिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि परफॉर्मेंस अप्रेजल रिपोर्ट अधिकारियों की सेवा मूल्यांकन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। इसी रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों की कार्यकुशलता, प्रशासनिक क्षमता, योजनाओं के निष्पादन और नेतृत्व क्षमता का आकलन किया जाता है। भविष्य में पदस्थापन, प्रतिनियुक्ति, पदोन्नति एवं अन्य प्रशासनिक निर्णयों में भी इस रिपोर्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
विभाग ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, उपायुक्त एवं विभागाध्यक्षों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा समय पर स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट भरने की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। सरकार ने कहा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर वार्षिक मूल्यांकन प्रभावित हो सकता है।
राज्य सरकार की ओर से ऑनलाइन अप्रेजल प्रणाली को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब अधिकारियों की वार्षिक मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकेगी। विभागीय स्तर पर इसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी ताकि सभी अधिकारियों की रिपोर्ट तय समय पर अपलोड हो सके
Read Also- RANCHI NEWS : विद्यानगर में बहू ने ससुर की कर दी हत्या, जानें क्या थी वजह

