RANCHI : यंग लॉयर्स एसोसिएशन (वाईएलए) ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में एक युवा अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार व 24 घंटे पुलिस कस्टडी की धमकी दिए जाने की घटना के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन का आह्वान किया है। एसोसिएशन द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि युवा अधिवक्ताओं के सम्मान, गरिमा और स्वतंत्र कार्य वातावरण की रक्षा के उद्देश्य से सभी अधिवक्ताओं से सोमवार 11 मई को न्यायालय में लाल रिबन पहनकर उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। एसोसिएशन ने कहा कि यह सांकेतिक विरोध युवा अधिवक्ताओं के एकजुटता व्यक्त करने तथा यह संदेश देने के लिए है।
एसोसिएशन ने ये भी कहा कि अधिवक्ताओं को सीखने और अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने का उचित अवसर मिलना चाहिए। मानवीय भूल के कारण उनके साथ कठोर व्यवहार नहीं होना चाहिए। एसोसिएशन की ओर से सभी सदस्यों से इस सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान न्यायालय की गरिमा और पेशेवर अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है। इसे लेकर यंग लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष फहीम अख्तर, महासचिव वेंकटेश कुमार व कोषाध्यक्ष नेहा कुमारी के संयुक्त हस्ताक्षर से एक नोटिस भी जारी किया गया है। एसोसिएशन की ओर से झारखंड हाईकोर्ट हॉल नं-2, टेबल नं-11 में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी।

