Ranchi : झारखंड सरकार अब राज्य के पर्यटन स्थलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान दिलाने की तैयारी में है। पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग जल्द ही “इंफ्लुएंसर इंगेजमेंट पॉलिसी” लागू करने जा रहा है। इस पहल के जरिए राज्य सरकार इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर्स के सहयोग से झारखंड पर्यटन का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।इस नई पॉलिसी की शुरुआत सोमवार को पतरातू स्थित पर्यटन विहार होटल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय इंफ्लुएंसर सम्मेलन में की जाएगी।
इस सम्मेलन में राज्य के प्रमुख डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को एक मंच पर लाया जाएगा, जहां झारखंड की ब्रांडिंग, पर्यटन संभावनाओं और डिजिटल प्रमोशन को लेकर विस्तार से चर्चा होगी।कार्यक्रम में पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग के मंत्री सुविधा कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विभाग का मानना है कि यह पॉलिसी पर्यटन विभाग और डिजिटल क्रिएटर्स के बीच औपचारिक साझेदारी की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
इंफ्लुएंसर्स को मिलेगा पारिश्रमिक
नई पॉलिसी लागू होने के बाद राज्य के इंफ्लुएंसर्स को पर्यटन विभाग के साथ जुड़कर काम करने का अवसर मिलेगा। झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों का सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों से प्रचार करने वाले इंफ्लुएंसर्स को विभाग की ओर से पारिश्रमिक भी दिया जाएगा।इसके अलावा पर्यटन विभाग डिजिटल कंटेंट निर्माण, शूटिंग और प्रचार-प्रसार में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से झारखंड के पर्यटन स्थलों की पहुंच देश और विदेश तक बढ़ेगी तथा राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

