Jamshedpur : झारखंड में जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित शहरी जलापूर्ति योजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 पार्ट-बी के अंतर्गत एनएच-33 के राइट ऑफ वे में पाइपलाइन बिछाने को लेकर आ रही बाधाएं अब लगभग समाप्त हो गई हैं। इसके साथ ही योजना को जल्द पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
13 मई को रांची से पहुंची एनएचएआई की टीम ने स्थल पर मैप और नक्शा तैयार करने का कार्य पूरा किया। इसके साथ ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर कार्यपालक अभियंता को सौंप दी गई है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज गति से शुरू होगा और मानगो की जनता को जल संकट से राहत मिलेगी।
इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। 26 मार्च को बालीगुमा क्षेत्र का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया गया। इसके बाद 13 अप्रैल को जयपाल कॉलोनी के निवासियों से बातचीत कर वैकल्पिक स्थल चयन का प्रस्ताव रखा गया। 17 अप्रैल को नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा गया।
22 अप्रैल को एनएचएआई, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, मानगो नगर निगम और संवेदक के साथ संयुक्त बैठक कर सहमति बनाई गई, ताकि आवश्यक एनओसी प्राप्त की जा सके। वहीं 8 मई को कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने जीएम (टी) सह प्रोजेक्ट डायरेक्टर को अंतिम रूट निर्धारण के लिए पत्र भेजा।
मेयर सुधा गुप्ता ने भी कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर वैकल्पिक पाइपलाइन रूट निर्धारण का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में एनएचएआई ने स्पष्ट किया कि डिमना नाला के पास एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के कारण पूर्व निर्धारित पाइपलाइन कार्य प्रभावित होगा, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था को स्वीकृति दी गई है।
मेयर सुधा गुप्ता ने बताया कि मानगो की जनता से स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का जो वादा किया गया था, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। योजना के कार्य में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर कई दिक्कतें थीं, जिन्हें लगातार बैठक, निरीक्षण और विभागीय समन्वय के जरिए दूर किया गया।
Read Also: Chaibasa News : 72 घंटे बाद समाप्त हुआ गुवा सेल खदान का चक्काजाम, 50 युवाओं को मिलेगा रोजगार

