Home » Palamu News : पलामू में ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत, जानें किन पर लगा हत्या का आरोप

Palamu News : पलामू में ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत, जानें किन पर लगा हत्या का आरोप

Jharkhand Hindi News : मृतक साबिर अंसारी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र लगभग चार और छह वर्ष बताई जा रही है। साबिर बाहर मजदूरी का काम करता था और मंगलवार को ही घर लौटा था

by Rakesh Pandey
ranchi murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई है। मामला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव का है, जहां साबिर अंसारी (32) गंभीर हालत में मिले थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पत्नी और उसके बहनोई पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए कई स्तरों पर जांच कर रही है। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में कराया गया।

गंभीर हालत में मिला था युवक

जानकारी के अनुसार साबिर अंसारी बुधवार को अपने ससुराल कुंदरी गांव गए थे। गुरुवार सुबह वह इलाके में गंभीर हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

वहां से स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में पोलपोल के पास उनकी मौत हो गई।

पत्नी और बहनोई पर हत्या का आरोप

एमएमसीएच पहुंचे मृतक के मौसेरे भाई सद्दाम हुसैन ने आरोप लगाया कि साबिर की हत्या उसकी पत्नी और बहनोई ने मिलकर की है। उन्होंने दावा किया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे और इसी कारण युवक की हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि साबिर और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि इस संबंध में पुलिस को अब तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।

2018 में हुई थी लव मैरिज

स्थानीय लोगों के अनुसार साबिर अंसारी ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र लगभग चार और छह वर्ष बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि साबिर बाहर मजदूरी का काम करता था और मंगलवार को ही घर लौटा था। अगले ही दिन वह ससुराल गया था, जहां बाद में उसकी हालत बिगड़ गई।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत होता है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट और हत्या के आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारी के मुताबिक युवक ने मौत से पहले पुलिस या परिजनों को किसी प्रकार की मारपीट या हमले की जानकारी नहीं दी थी। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच जारी है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

Read Also- Hazaribagh Medical College : इलाज में लापरवाही का आरोप, प्रसूता की मौत पर फूटा गुस्सा

Related Articles