Home » Chaibasa News : नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया कीमती समय

Chaibasa News : नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया कीमती समय

by Rajeshwar Pandey
chaibasa News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के छोटा तेंताडा गांव में शनिवार को नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान संगीता सिरका के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संगीता गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते सभी बच्चे गांव के पास स्थित नदी किनारे पहुंच गए। वहां कुछ बच्चे नदी में नहा रहे थे। उन्हें देखकर संगीता भी पानी में उतर गई। खेल-खेल में वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चली गई और देखते ही देखते डूबने लगी।

आसपास मौजूद बच्चों ने जब उसे डूबते देखा तो घबराकर शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर संगीता की भाभी मौके पर पहुंचीं और तत्काल नदी में उतरकर बच्ची को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद वह उसे पानी से बाहर निकालने में सफल रहीं, लेकिन तब तक बच्ची अचेत हो चुकी थी। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान परिजनों ने तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे कीमती समय बर्बाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते बच्ची को चिकित्सकीय सहायता मिल जाती, तो उसकी जान बच सकती थी।


काफी देर तक झाड़-फूंक कराने के बाद जब बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तब परिजन उसे लेकर देर शाम सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Comment