RANCHI: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में कथित यौन शोषण और गर्भपात मामले को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने प्रेस वार्ता में जेल अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर खुद को ईमानदार अधिकारी बताते हैं लेकिन उन पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके है।
उन्होंने दावा किया कि देवघर में पदस्थापना के दौरान एक महिला शिक्षिका और एक होमगार्ड महिला ने उन पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। वहीं हजारीबाग जेल में कुख्यात अपराधी विकास तिवारी को संरक्षण देने और एक सिपाही की पत्नी के शोषण जैसे आरोप भी उन पर लगे थे। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि महिला कैदी के साथ यौन शोषण नहीं हुआ था तो 17 मई को गर्भावस्था जांच कराने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल चिकित्सक के बयान से स्पष्ट है कि महिला 14 अप्रैल को गर्भवती थी और बाद में मामले को दबाने के लिए गुप्त रूप से गर्भपात कराया गया।
अजय साह ने जेल महानिरीक्षक सुदर्शन मंडल पर भी मामले को दबाने और सबूत मिटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे तंत्र की मिलीभगत का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने जेल अधीक्षक और जेल महानिरीक्षक को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए कहा कि पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकती है। भाजपा ने पूरे मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और अल्पसंख्यक आयोग के समक्ष ले जाने की भी बात कही।

