RANCHI: डोरंडा कॉलेज में सोमवार को क्लस्टरिंग ऑफ कॉलेजेस सहित उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के नए संकल्प के विरोध में छात्रों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि सरकार का यह संकल्प शिक्षा व्यवस्था को कॉर्पोरेट मॉडल की ओर ले जाने, सीटों में कटौती करने और विषयों व संकायों को अलग कर बहुविषयक शिक्षा को कमजोर करने की दिशा में कदम है। राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि क्लस्टर प्रणाली को फंडिंग से जोड़ना राज्य के शिक्षा अधिकारों पर हमला है। इससे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने मूल परिसर से दूर अन्य कॉलेजों में जाना पड़ सकता है, जिससे आर्थिक बोझ और सुविधाओं की समस्या बढ़ेगी। उन्होंने आशंका जताई कि कई छात्रों को नजदीकी कॉलेज में सीट नहीं मिलने पर पढ़ाई छोड़नी पड़ सकती है। रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने आरोप लगाया कि संकल्प के जरिए स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों में कटौती की तैयारी है। वहीं जिला सचिव संजना मेहता ने चार वर्षीय स्नातक कोर्स की मल्टीपल एंट्री-एग्जिट व्यवस्था और सेल्फ-फाइनेंस मॉडल को छात्रों के हित में नहीं बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो राज्यव्यापी आंदोलन, विधानसभा मार्च और राजभवन घेराव किया जाएगा।
RANCHI NEWS: डोरंडा कॉलेज के छात्रों ने क्लस्टरिंग ऑफ कॉलेजेस के खिलाफ किया प्रदर्शन, जानें क्या कहा
12

