चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोडाहाट वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आनंदपुर रेंज के मेरमेंडा से गुड़ी जाने वाले जंगल में छापेमारी कर विभाग ने साल के 10 पीस बोटा जब्त किए हैं। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मेरमेंडा से गुड़ी मार्ग पर जंगल किनारे अज्ञात लोगों ने अवैध रूप से साल के पेड़ों की कटाई कर लकड़ियां छिपाकर रखी हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेंजर के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रविवार को जंगल क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। वन विभाग टीम को छापेमारी के दौरान जंगल किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए साल के 10 बोटे बरामद हुए। वन कर्मियों ने सभी लकड़ियों को जब्त कर वाहन से आनंदपुर वन कार्यालय परिसर पहुंचाया। यहां जब्ती सूची तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जंगल में गश्त बढ़ी, मुखबिरों को भी किया गया सक्रिय
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध कटाई में शामिल तस्करों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। जंगल में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय स्तर पर मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
अवैध कटाई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं- वन विभाग
विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोडाहाट वन क्षेत्र में साल वृक्षों की अवैध कटाई किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि सारंडा और पोडाहाट क्षेत्र में साल के कीमती पेड़ों की तस्करी लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। वन विभाग लगातार अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहा है।

