Bokaro: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एसीबी धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो जिले के बालीडीह थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अयूब अंसारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी बोकारो के व्यस्त इलाके नया मोड़ के पास की गई।
गौरतलब है कि अयूब अंसारी बालीडीह थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी को कमजोर करने और आरोपी को राहत देने के एवज में शिकायतकर्ता से मोटी रकम की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उसने धनबाद एसीबी से इसकी शिकायत कर दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने नया मोड़ के पास अयूब अंसारी को केमिकल लगे नोट सौंपे। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की रकम हाथ में ली, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
एसीबी ने आरोपी एएसआई के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद जब उनके हाथ धुलवाए गए तो पानी गुलाबी हो गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि उन्होंने केमिकल लगे नोटों को छुआ था।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम अयूब अंसारी को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
Read Also: Ranchi News: छवि रंजन ने खेल निदेशक का ग्रहण किया पदभार: बोले- हर जिले से होगी खिलाड़ियों की खोज

