Home » Jamshedpur News : बिरसानगर पीएम आवास के लाभुकों की फिर सरयू राय से गुहार, 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो 1 जून से अनशन

Jamshedpur News : बिरसानगर पीएम आवास के लाभुकों की फिर सरयू राय से गुहार, 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो 1 जून से अनशन

Jamshedpur News : मंत्री ने कहा कि उन्हें पहले किया गया वादा याद है, लेकिन काम में 10 से 15 दिन आगे-पीछे हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाभुकों को चाबी दिलाना सरकार की प्राथमिकता में है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : बिरसानगर पीएम आवास योजना के 100 से अधिक लाभार्थी मंगलवार को एक बार फिर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मिले और जल्द से जल्द अपने नाम आवंटित फ्लैट की चाबी दिलाने की मांग रखी। लाभुकों ने कहा कि वे लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और अब 31 मई तक चाबी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

इस दौरान सरयू राय ने लाभार्थियों के सामने ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बात की और चाबी वितरण में तेजी लाने का आग्रह किया। मंत्री ने कहा कि उन्हें पहले किया गया वादा याद है, लेकिन काम में 10 से 15 दिन आगे-पीछे हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाभुकों को चाबी दिलाना सरकार की प्राथमिकता में है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि एक जरूरी काम की प्रशासनिक स्वीकृति अब तक नहीं मिली है, जिसके कारण प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

मंत्री के जवाब के बाद सरयू राय ने साफ कहा कि यदि 31 मई तक लाभुकों को चाबी नहीं सौंपी गई, तो वह 1 जून को डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी इस मुद्दे पर मंत्री से बातचीत हुई थी और एक माह के भीतर चाबी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक लाभार्थियों को राहत नहीं मिली।

ड्रेनेज का काम अधूरा

सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन ड्रेनेज का काम अधूरा होने के कारण चाबी वितरण में देरी हो रही है। जेएनएसी से मिली जानकारी के मुताबिक एक ड्रेनेज बनकर तैयार है, जबकि दूसरे को पूरा होने में करीब 15 दिन और लग सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जुडको की ओर से सड़क निर्माण का काम होना है। फिलहाल रास्ते में टाटा स्टील का स्लैग होने के कारण स्थायी सड़क नहीं बन पाई है। हालांकि गड्ढों को भरकर सड़क को फिलहाल चलने लायक बना दिया गया है। सड़क निर्माण का एस्टीमेट विभागीय सचिव के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही स्थायी सड़क का निर्माण शुरू होगा।

192 घरों में लग चुके हैं मीटर

बिजली कनेक्शन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बिजली विभाग का दावा है कि 192 घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लाभार्थियों का कहना है कि अब तक केवल 85 घरों में ही मीटर लगा है। सरयू राय ने कहा कि वह बुधवार सुबह मौके पर जाकर स्थिति की वास्तविक जानकारी लेंगे।

फ्लैट आवंटन में विसंगतियां

उन्होंने यह भी बताया कि योजना में कुछ विसंगतियों की शिकायतें सामने आई हैं। सूचना मिली है कि जिन लोगों के पास पहले से मकान है, उन्हें भी फ्लैट आवंटित कर दिया गया है, जबकि पीएम आवास योजना का उद्देश्य बेघर लोगों को आवास उपलब्ध कराना है।

सरयू राय ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता यही है कि लाभुकों को जल्द से जल्द फ्लैट की चाबी मिले, क्योंकि कई लोग बैंक कर्ज और किराए के दोहरे बोझ से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह मंत्री से फिर बातचीत करेंगे और कोई निश्चित तारीख तय कराने की कोशिश करेंगे। लेकिन अगर 31 मई तक चाबी नहीं मिली, तो 1 जून को उनका अनशन तय है।

Read Also: Kolhan Politics : आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी जदयू, संगठन मजबूत बनाने आए प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो

Related Articles

Leave a Comment