Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में पूजा पाठ कर बीमार बच्ची को ठीक कर देने के नाम पर नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने बिचाबुरु गांव निवासी 24 वर्षीय कृष्ण बिरुवा को गिरफ्तार किया है।
दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार 17 मई को कृष्ण बिरुवा पीड़िता के घर पहुंचा। उसने दावा किया कि वह बीमारी का इलाज अपनी पूजा पाठ से करता है। आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह उनकी बीमार बच्ची का इलाज और पूजा पाठ कर दो दिन में ठीक कर देगा। इसी बहाने वह नाबालिग बच्ची को अपने साथ गांव ले जाने के लिए राजी कर ले गया। गांव ले जाने के क्रम में महाबुरु से बिचाबुरु गांव के बीच रास्ते में पुलिया के पास आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद जब परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वह फरार हो गया।
परिजनों की शिकायत पर हाटगम्हरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी कृष्ण बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास में आकर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें। बीमारी के इलाज के लिए हमेशा योग्य चिकित्सक से ही संपर्क करें।
Read Also: West Singhbhum News : छोटानागरा में ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, सीआरपीएफ जवानों ने बचाई चालक-खलासी की जान

