चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दोस्त की स्कूटी लेकर उसे चलाना सीख रहे थे। इसी दौरान कलवर्ट पुलिया में संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक पसर गया है।
स्कूटी सीखने निकले थे दोनों किशोर
मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर के संजय लोहार के पुत्र वतन लोहार 14 वर्ष और मनीपुर निवासी शिव कुमार सांडिल के पुत्र ओम सांडिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर अपने एक दोस्त की स्कूटी लेकर मैदान की तरफ चलाना सीखने जा रहे थे। रास्ते में नाले पर बनी कलवर्ट पुलिया के पास स्कूटी अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों स्कूटी समेत पुलिया के नीचे गिर गए।

सिर और शरीर में आई गंभीर चोटें
हादसे में दोनों किशोरों के सिर, पैर, हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर मनोहरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
सूचना मिलते ही किशोरों के परिजन और मनोहरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी। लेकिन गमगीन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए।
गांव में पसरा मातम
दो किशोरों की असामयिक मौत से मनोहरपुर के पुराना मनोहरपुर और मनीपुर गांव में शोक व्याप्त है। एक साथ दो घरों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नाबालिगों को वाहन देने पर चिंता जताई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम उम्र के बच्चों को दोपहिया वाहन न चलाने दें। मामले की जांच जारी है।

