RANCHI : राजधानी रांची में बढ़ते वाहनों के दबाव और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने सोमवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक से अंजुमन प्लाजा तक ट्रैफिक संचालन की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही, ट्रैफिक दबाव, पार्किंग व्यवस्था और जाम की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न ट्रैफिक प्वाइंट्स पर तैनात कर्मियों से भी बातचीत की और यातायात संचालन में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
एसएसपी राकेश रंजन ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया। वहीं ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने शहर के व्यस्त चौक-चौराहों पर जाम की समस्या को कम करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने की बात कही। उन्होंने ट्रैफिक कर्मियों को वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में लगातार बढ़ रहे वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को हर दिन आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

