Home » Godda News: झारखंड के गोड्डा में पीएम-कुसुम योजना की समीक्षा, किसानों को सोलर सिंचाई पंप से जोड़ने पर जोर

Godda News: झारखंड के गोड्डा में पीएम-कुसुम योजना की समीक्षा, किसानों को सोलर सिंचाई पंप से जोड़ने पर जोर

by Mujtaba Haider Rizvi
PM Kusum Scheme Godda
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Godda: झारखंड के गोड्डा जिले में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) कंपोनेंट-बी (फेज-III) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री विस्पुते श्रीकांत यशवंत ने की।

बैठक में योजना की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति, लाभुक चयन और किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम-कुसुम योजना के प्रति किसानों के बीच व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसान सोलर सिंचाई पंप योजना का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि पीएम-कुसुम योजना किसानों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और कृषि लागत कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों की डीजल और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

समीक्षा के दौरान योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत लाभुकों, सोलर पंप स्थापना की प्रगति और शेष लक्ष्यों का आकलन किया गया। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने तथा लाभुक चयन एवं स्थापना कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था किसानों के लिए दीर्घकालिक और किफायती विकल्प है। इससे सिंचाई सुविधाएं मजबूत होंगी, कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी अभिजीत शर्मा, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार मिश्रा, तकनीकी विशेषज्ञों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read Also: Jamshedpur Rail News: टाटा–बक्सर एक्सप्रेस में स्थायी रूप से बढ़ेगा एक अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Related Articles

Leave a Comment