Hazaribagh : हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय किशोरी और उसके तीन वर्षीय भाई की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि किशोरी के साथ छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध करने पर आरोपी ने पहले उसकी और फिर उसके छोटे भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
गौरतलब है कि 27 मई को दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर कटकमदाग थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान 31 मई को सिंदूर स्थित श्मशान घाट के समीप बच्ची का शव बरामद किया गया। इसके बाद पास के एक कुएं से उसके तीन वर्षीय भाई का शव भी मिला। दोनों के शरीर पर गला घोटने के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज कर दी।
मोबाइल दिलाने के बहाने ले गया था आरोपी
पुलिस जांच में गिरफ्तार संजीत पासवान का नाम सामने आया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह एक वाहन शोरूम में काम करता था और मृतक बच्ची को पहले से जानता था।
आरोपी ने 27 मई को मोबाइल दिलाने का झांसा देकर दोनों बच्चों को अपनी स्कूटी पर बैठाया और सिंदूर श्मशान घाट के सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसने किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात का गवाह बने उसके तीन वर्षीय भाई की भी उसने गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मासूम बच्चे के शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया, जबकि किशोरी के शव को पास की नदी में ठिकाने लगा दिया।
स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के खुलासे में एसआईटी, स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Read Also: Jharkhand News : मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की

