Home » Jamshedpur Fraud : बिष्टुपुर में पुलिस बनकर ठगी: बुजुर्ग महिला से दो लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हुए शातिर

Jamshedpur Fraud : बिष्टुपुर में पुलिस बनकर ठगी: बुजुर्ग महिला से दो लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हुए शातिर

बिष्टुपुर एम रोड निवासी प्रकाश कौर गुरुद्वारा से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एन रोड के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा था।

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur bistupur fraud
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार बिष्टुपुर एम रोड निवासी प्रकाश कौर गुरुद्वारा से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एन रोड के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा था। बाइक सवार युवक ने महिला से कहा कि सामने खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है।

जब प्रकाश कौर उसके पास पहुंचीं तो युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि क्षेत्र में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने अपनी सोने की चेन, अंगूठी और कंगन उतार दिए। आरोपित ने गहनों को कागज में लपेटकर सुरक्षित रखने का भरोसा दिलाया और वापस देने का नाटक किया। इसी दौरान उसने असली गहनों की जगह दूसरा सामान रख दिया। घर पहुंचकर जब महिला ने कागज खोला तो उसमें केवल चूड़ी मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले जुगसलाई और साकची क्षेत्रों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि अब तक इस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

Read also Jamshedpur News: मानगो पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment