Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर बायोमेट्रिक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। राज्य स्तर पर हुई समीक्षा में जिले की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने 310 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार मई माह में कुल 16 कार्यदिवस थे। विभागीय समीक्षा में पाया गया कि 60 शिक्षकों ने पूरे महीने एक भी दिन ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की। वहीं 250 शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति केवल 1 से 10 दिनों के बीच दर्ज हुई। मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
दरअसल, हाल ही में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कोडरमा जिले की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई थी। इसके बाद राज्य स्तर से जवाबदेही तय करने के निर्देश जारी किए गए, जिसके आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई है।
हालांकि शिक्षकों ने भी अपनी ओर से कई कारण गिनाए हैं। उनका कहना है कि मई माह के दौरान तीन दिनों तक जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम चला था। इसके अलावा एक दिन विभागीय परीक्षा भी आयोजित की गई थी। कई शिक्षक विशेष या आकस्मिक अवकाश पर थे, जबकि कुछ शिक्षक जिला शिक्षा कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।
शिक्षकों का यह भी कहना है कि जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं के कारण कई बार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी होती है। ऐसे में सभी परिस्थितियों का समुचित आकलन किए बिना स्पष्टीकरण मांगना उचित नहीं है।
शनिवार शाम तक अधिकांश शिक्षकों ने अपना जवाब विभाग को सौंप दिया है। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Read Also: Koderma News: कड़क व चमक के साथ आकाश से टपकी मौत; एक बच्चे की गई जान, दूसरा घायल

