Home » Chaibasa News : टोकलो में पत्नी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, पति गिरफ्तार

Chaibasa News : टोकलो में पत्नी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, पति गिरफ्तार

Chaibasa News : घटना के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने और मामले को आत्महत्या दर्शाने के उद्देश्य से शव को एक पेड़ से लटका दिया। इसके बाद वह घर लौट आया।

by Anurag Ranjan
Chaibasa Toklo Wife Murder Case Husband Arrested
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत टोकलो थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या लग रहा यह मामला हत्या का निकला। आरोपी ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी।

2024 में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार टोकलो थाना क्षेत्र के जानटा गांव निवासी चैतन गिलुवा उर्फ मोटू (23) ने वर्ष 2024 में दुड़ियाम गांव की रायमुनी सरदार से विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद से दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। आर्थिक तंगी के कारण दंपती ने ओडिशा तथा जमशेदपुर में मजदूरी भी की। इस दौरान उनके यहां एक बेटी का जन्म हुआ।

मेले से लौटने के बाद हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि 15 जून को दंपती अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ नलिता गांव में आयोजित मेले में गए थे। मेला से लौटते समय आरोपी अपने साथ सूअर का मांस भी लाया था। घर पहुंचने पर उसने पत्नी से मांस पकाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और कहासुनी बढ़ गई।

जंगल में ले जाकर की हत्या

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद उसकी पत्नी घर से निकल गई। वह भी उसके पीछे-पीछे जंगल की ओर चला गया। वहां दोनों के बीच फिर बहस हुई। इसी दौरान उसने पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर गई और उसकी मौत हो गई।

आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने और मामले को आत्महत्या दर्शाने के उद्देश्य से शव को एक पेड़ से लटका दिया। इसके बाद वह घर लौट आया। अगले दिन उसने अपने पिता और गांव के मुंडा के साथ थाने पहुंचकर पत्नी की मौत की सूचना दी और इसे आत्महत्या बताया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की। घटनास्थल की परिस्थितियां और आरोपी के बयान में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी चैतन गिलुवा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Read Also: SC Reservation: एससी दर्जे के लिए सड़क पर उतरा गंडा समाज; राज्यपाल-मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Related Articles

Leave a Comment