
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना कोकचो पंचायत के अंगरडीहा गांव की है, जहां 50 वर्षीय बेलमाइ सुंडी अपने घर में सोई हुई थीं।
सोमवार रात बेलमाइ सुंडी घर में जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 12 बजे एक जहरीला सांप घर में घुस गया और उनके दाहिने पैर के अंगूठे में डस लिया। सांप के डसते ही उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्होंने तुरंत परिजनों को बताया कि उन्हें सांप ने डस लिया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
परिजन महिला को आनन-फानन रात करीब 2 बजे सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बेलमाइ सुंडी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि मौत जहरीले सांप के डंसने से हुई है।
गांव में शोक का माहौल
बेलमाइ सुंडी की मौत के बाद अंगरडीहा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों ने प्रशासन से गांव में जागरूकता अभियान चलाने और एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read also – West Singhbhum News: खेत जोतने के दौरान किसान को मिला पुराना बम, मनोहरपुर में मची सनसनी

