Home » Chaibasa News: नेटवर्क की समस्या होगी दूर, जल्द ही विकास की पटरी पर दौड़ेगा गुदड़ी प्रखंड

Chaibasa News: नेटवर्क की समस्या होगी दूर, जल्द ही विकास की पटरी पर दौड़ेगा गुदड़ी प्रखंड

विधायक के साथ उपायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया गुदड़ी प्रखंड का दौरा, ग्रामीणों ने समस्याओं से कराया अवगत

by Rajeshwar Pandey
Gudri Development Visit
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के समग्र विकास और ग्रामीण समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को विधायक जगत माझी की पहल पर उपायुक्त मनीष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, बीडीओ मनोज तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोढ़ाई, बेड़ाकायम, गिरू, टोमडेल एवं गुदड़ी प्रखंड मुख्यालय समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास योजनाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।

गुदड़ी प्रखंड कार्यालय और टोमडेल पंचायत सचिवालय में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि गुदड़ी प्रखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नेटवर्क की गंभीर समस्या है, जिसके कारण विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक अधिकारियों के इस दौरे के बाद क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी आएगी और नेटवर्क समस्या का भी स्थायी समाधान निकलेगा।

गुदड़ी और लोढ़ाई में बनेंगे 50-50 बेड के छात्रावास

उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में 50-50 बेड क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही विद्यालयों की चारदीवारी निर्माण और शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

लोढ़ाई में सप्ताह में एक दिन चलेगा कैंप कार्यालय

लोढ़ाई क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीडीओ को निर्देश दिया कि सप्ताह में एक दिन लोढ़ाई में कैंप कार्यालय संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुदड़ी मुख्यालय की दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है। उपायुक्त ने लोढ़ाई विद्यालय परिसर में पेवर्स ब्लॉक लगाने तथा गुदड़ी विद्यालय में छह अतिरिक्त कमरों के निर्माण का भी निर्देश दिया।

ड्रैगन फ्रूट खेती के लिए किया प्रेरित

रोवाउली गांव में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लाभुक विश्वनाथ खंडाइत द्वारा विकसित आम बागवानी का निरीक्षण विधायक और अधिकारियों ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने आम का स्वाद चखा और लाभुक के प्रयासों की सराहना की। उपायुक्त ने विश्वनाथ खंडाइत को ड्रैगन फ्रूट की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। विश्वनाथ खंडाइत ने आम के साथ-साथ नींबू की खेती भी की है।

तीन किलोमीटर पैदल चलकर किया अबुआ आवास का उद्घाटन

दौरे के क्रम में विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारी गुलीकेरा पंचायत के बेड़ाकायम गांव पहुंचे। सड़क और आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण सभी को लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। यहां लाभुक मेघनाथ गंझू के नवनिर्मित अबुआ आवास का उद्घाटन कर गृह प्रवेश कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे का स्वागत करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। अधिकारियों ने भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

Read Also: Drug Abuse Awareness:नशा मुक्त झारखंड’ बनेगा जनआंदोलन; इरफान अंसारी बोले – दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Related Articles

Leave a Comment