Home » Pokharaha Checkpost : पोखराहा चेकपोस्ट तोड़ने के मामले में 34 नामजद समेत 125 से अधिक अज्ञात पर एफआईआर, JLKM नेताओं के नाम भी शामिल

Pokharaha Checkpost : पोखराहा चेकपोस्ट तोड़ने के मामले में 34 नामजद समेत 125 से अधिक अज्ञात पर एफआईआर, JLKM नेताओं के नाम भी शामिल

ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे और पांकी रोड के क्रॉसिंग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। 15 दिनों में इसी स्थान पर तीन लोगों की जान जा चुकी है।

by Rakesh Pandey
Pokharaha Checkpost
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित पोखराहा में सड़क हादसे के बाद हुए हंगामे और पुलिस चेकपोस्ट तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना में 34 नामजद और 125 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कुछ नेताओं के नाम भी शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, विधि-व्यवस्था भंग करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस की स्थायी चेकपोस्ट तोड़ने सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

वीडियो फुटेज के आधार पर हो रही आरोपितों की पहचान

मेदिनीनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसे के बाद भड़का था आक्रोश

गौरतलब है कि गुरुवार को पोखराहा स्थित नेशनल हाईवे बाईपास के समीप हुए सड़क हादसे में मजीद अंसारी की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस की स्थायी चेकपोस्ट को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां जमकर हंगामा किया।

साढ़े चार घंटे तक बाधित रहा यातायात

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। करीब साढ़े चार घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया जा सका।

लगातार सड़क हादसों से नाराज हैं ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे और पांकी रोड के क्रॉसिंग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले 15 दिनों में इसी स्थान पर तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर प्रभावी सुरक्षा उपाय, यातायात नियंत्रण और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस की नजर सभी आरोपितों पर

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Read Also- Lohardaga Lightning Strike : लोहरदगा में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे

Related Articles

Leave a Comment