
मेदिनीनगर : झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा नैनो होटल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर हुई मौत
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालुगंज नीमीडीह गांव निवासी 23 वर्षीय सुनील मेहता के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भांवर गांव निवासी 24 वर्षीय धीरेंद्र यादव के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से ढाब कौवाखोह से हरिहरगंज की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को एमएमसीएच किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल धीरेंद्र यादव को हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
निजी क्लीनिक में कंपाउंडर था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक सुनील मेहता हरिहरगंज स्थित एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हरिहरगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Read Also- Deoghar News: हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, मोहर्रम जुलूस में शामिल 9 झुलसे

