
जमशेदपुर : बम बम भोले और हर हर महादेव के गगनचुम्बी जयघोष के साथ धार्मिक, आध्यात्मिक व समाजिक संस्था श्री शिव शक्ति परिवार के सौजन्य से रविवार को 45 भक्तों का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए टाटा जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना हुआ। 69 वर्षीय मिथिलेश शरण के नेतृत्व में जत्थे में 35 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल है। जत्था दो जुलाई को जम्मू से पहलगाम के लिए रवाना होगा, उसके पश्चात गणेश टॉप, शेषनाग, पोषपत्रि,पंचतरणी, संगम एवं 5 जुलाई को पवित्र गुफा में बाबा बर्फ़ानी का दर्शन कर वापस बालटाल आएगा और सात जुलाई जम्मू होते हुए 10 को टाटा वापसी करेगा। जत्थे में कम उम्र के 24 वर्षीय महिला निकिता गोराई बड़ी उत्साहित नजर आई। ज्यादातर यात्री पहली बार बाबा बर्फ़ानी के दर्शन करेंगे,वहीं 68 वर्षीय सत्यनारायण मूर्ति जी भी यात्रा करते हुए बताते है कि “इस यात्रा का आनंद अविस्मरणीय होता है इसलिए इस उम्र में भी बार बार बाबा के दर्शन करने हेतु मन खींचा चला आता है। ” टाटानगर स्टेशन पर परिवार के लोगों,सदस्यों, सेवादारों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। पूरा स्टेशन परिसर शिवमय हो गया। सभी भक्तों को मुँह मीठा कर हर्षोल्लास के साथ सफल, सुरक्षित व सुगम यात्रा कि कामना करते हुए भक्तिमय वातावरण में विदाई दी गई।

