
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बिष्टुपुर में डबल डाउन पब एंड बार के सामने चाकू बाजी की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है। यह सीसीटीवी फुटेज सोमवार को चार बजे वायरल हो गया है। सीसीटीवी फुटेज में चाकू बाजी की सारी घटना कैद है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि दो युवकों को पुलिस ने पकड़ कर अपनी गाड़ी में बैठाया था। बाद में कुछ युवक दौड़ते हुए आए और दोनों युवकों को गाड़ी से बाहर निकाल कर उनके साथ मारपीट की। उन्हें चाकू मारा।
घटना के दौरान असहाय नजर आ रही थी पुलिस
इस दौरान पुलिस असहाय बनी रही। पुलिस के सामने ही बदमाश घटना को अंजाम देते रहे। पुलिसकर्मी बदमाशों को रोकने में नाकाम रहे। घटना में साफ देखा जाता है कि चाकू बाजी की इस घटना को अंजाम देने वाले युवकों के चेहरे पर पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था। पुलिसकर्मियों ने घटना को अंजाम देने वाले कुछ युवकों को पकड़ा भी है। यही नहीं एक बात और गौर करने वाली है कि चाकू मारे जाने के बाद दोनों युवक फर्श पर काफी देर तक पड़े रहे। लेकिन उन्हें फौरन इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया गया।
शनिवार देर रात की है घटना
गौरतलब है कि बिष्टुपुर में शनिवार देर रात चाकू बाजी की घटना हुई थी। इस चाकूबाजी में आदित्यपुर के रहने वाले दो युवक घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है। दोनों युवकों का नाम हिमांशु और प्रत्यूष है। बताया जा रहा है कि इन दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। इन्हें गंभीर चोट आई थी।
युवकों पर लगाया छेड़खानी का आरोप
गौरतलब है कि कि यह घटना डबल डाउन पब एंड बार के सामने की है। आरोप है कि यहां कुछ युवक बार में डांस कर रही लड़कियों से छेड़खानी कर रहे थे। तभी लड़कियों के साथ आए लड़कों ने विरोध किया और फिर चाकूबाजी की यह घटना हुई है। हालांकि सच्चाई क्या है यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
Read Also: Jamshedpur News : जुगसलाई में जल्द बने कचरा निष्पादन केंद्र, पार्षद अनिल मोदी ने सरकार से की मांग

