
Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की मात्रा को देखते हुए जुगसलाई में आधुनिक सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना अब आवश्यक हो गई है।

Anil Modi Jugsalai
अनिल मोदी ने बताया कि शिव घाट के समीप स्थित डंपिंग यार्ड पहले पूरी तरह भर जाने के कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो गया था। बाद में डंपिंग यार्ड को व्यवस्थित किए जाने के बाद कचरा उठाव दोबारा शुरू हुआ, लेकिन मौजूदा स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो डंपिंग यार्ड फिर से भर जाएगा, जिससे पूरे नगर परिषद क्षेत्र में कचरा संग्रहण व्यवस्था बाधित हो सकती है। इसका सीधा असर स्वच्छता व्यवस्था और जनस्वास्थ्य पर पड़ेगा तथा लोगों को परेशानी का सामना करना होगा।
पार्षद ने मांग की कि जब तक आधुनिक कचरा निष्पादन केंद्र स्थापित नहीं हो जाता, तब तक कचरा संग्रहण के लिए वैकल्पिक डंपिंग स्थल या अन्य उपयुक्त व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में अनिल मोदी ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को पत्र लिखकर जुगसलाई में शीघ्र कचरा निष्पादन केंद्र स्थापित करने और वैकल्पिक डंपिंग व्यवस्था करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान तथा उपाध्यक्ष अर्चना दुबे को भी भेजी गई है।
अनिल मोदी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

