
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। क्षेत्रीसाई गांव में घर के अंदर बच्चों के साथ बैठे 19 वर्षीय युवक विक्की पिंगुवा की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में चार नाबालिग भी घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली कड़की और विक्की पिंगुवा वज्रपात की चपेट में आ गया। उस समय वह घर में अंजलि सिरका, आयुष सिरका, कृष्ण मुंडा और अंजू सिरका के साथ बैठा था। वज्रपात से चारों बच्चे भी झुलसकर घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सभी घायलों को तुरंत मंझगांव रेफरल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्की पिंगुवा को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मंझगांव पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं वज्रपात की दूसरी घटना मंझगांव के नीचे टोला में हुई।
यहां 20 वर्षीय मंतारी पिंगुवा गंभीर रूप से झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंझगांव रेफरल अस्पताल से चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सदर अस्पताल के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
एक ही दिन में वज्रपात की दो घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की है। मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

