
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित भाजपा नेता नीरज सिंह के डीडी बार के सामने हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जिला प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इस हत्याकांड में भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 हत्यारोपी नामजद किए गए हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में पिछले कुछ महीनों के दौरान हत्या, चाकूबाजी, रंगदारी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इससे आम लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बन गया है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि बिष्टुपुर में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के दौरान हिमांशु सिंह की हत्या होना बेहद गंभीर मामला है। पार्टी का आरोप है कि यह घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल और पुलिस व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है। साथ ही पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग भी उठाई गई है।
ज्ञापन में भाजपा ने प्रशासन के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कठोर सजा दिलाना, घटना के समय मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई करने की मांग शामिल है। इसके अलावा शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की गई है।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी और जमशेदपुर बंद का आह्वान करेगी। पार्टी ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

