
Jamshedpur : परसुडीह में ब्लिंकिट कर्मियों की हड़ताल चल रही है। ब्लिंकिट कर्मी मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। ब्लिंकिट कर्मियों ने शनिवार को परसूडीह में प्रदर्शन किया।
उनका कहना है कि उनकी कोई नई डिमांड नहीं है। पहले उन्हें 3 किलोमीटर पर ₹50 दिए जाते थे। इधर कई महीनों से कंपनी ने इसे घटाकर ₹35 कर दिया है।
सभी कर्मचारी मांग कर रहे हैं कि उनका मानदेय ₹35 से बढ़कर ₹50 कर दिया जाए। जो मानदेय पहले मिलता था, लेकिन कंपनी के अधिकारी और मैनेजर इसके लिए तैयार नहीं हैं। ब्लिंकिट कर्मियों का आरोप है कि कंपनी उनका शोषण कर रही है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले ही बिष्टुपुर में ब्लिंकिट का नया स्टोर खुला है। इसके चलते परसूडीह का काफी एरिया काट दिया गया है। पहले परसूडीह से जुगसलाई तक आर्डर सप्लाई किया जाता था। जुगसलाई एरिया काट देने से भी उनका नुकसान हो रहा है। ब्लिंकिट कर्मियों का आरोप है कि उनकी मांग मानने के बजाय उन्हें कंपनी से निकालने की धमकी दी जा रही है। परसूडीह ब्लिंकिट स्टोर से डेढ़ सौ कर्मचारी जुड़े हुए हैं। ब्लिंकिट कर्मियों का कहना है कि उन्होंने अपनी शिकायत क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी तक पहुंचाई है। मंगल कालिंदी ने उनकी मदद करने का आश्वासन दिया है।
कर्मियों का कहना है कि वह 16 घंटे तक काम करते हैं। मैनेजर से बात होती है तो वह कहते हैं की मानदेय बढ़ा दिया जाएगा। लेकिन, कब बढ़ेगा यह कोई नहीं बता रहा है।

