
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में शनिवार को देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव निवासी 30 वर्षीय साहिल कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, साहिल कुमार शनिवार को किसी काम से लेस्लीगंज गया था। देर रात घर लौटने के दौरान कुंदरी गांव के पास उसकी बाइक को एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

