Home » Palamu News : पेट दर्द का इलाज कराने गई महिला की निजी क्लिनिक में मौत, बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए परिजन

Palamu News : पेट दर्द का इलाज कराने गई महिला की निजी क्लिनिक में मौत, बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए परिजन

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मानखाप गांव की संध्या देवी (35) पेट दर्द का इलाज कराने ग्रामीण क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में भर्ती हुई थी, जहां इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें अनुमंडल अस्पताल, हुसैनाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी क्लिनिकों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मानखाप गांव निवासी अनिल साव की पत्नी संध्या देवी को रविवार को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे इलाज के लिए बेनीकला स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए। बताया जाता है कि इलाज के दौरान उनकी तबीयत और बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर क्लिनिक से उसे अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस क्लिनिक में महिला का इलाज किया गया, वहां क्या आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं और प्रशिक्षित चिकित्सक उपलब्ध थे या नहीं।

साथ ही इलाज के दौरान कौन-कौन सी दवा या उपचार दिए गए, इसकी भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि इन बिंदुओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले का दूसरा अहम पहलू यह है कि अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बावजूद शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। परिजन शव को सीधे गांव ले गए, जिससे मौत के कारणों की चिकित्सकीय जांच नहीं हो सकी।

ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत बीमारी की गंभीरता से हुई, इलाज के दौरान किसी जटिलता के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के बाद मानखाप गांव में शोक का माहौल है। बताया गया कि मृतका का पति अनिल साव रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर मजदूरी करता है और घटना की सूचना मिलने के बाद उसके घर लौटने की बात कही जा रही है।

Read Also-Palamu News : पारिवारिक विवाद में नाबालिग भतीजे को मारा चाकू, मौत से फैली सनसनी, आरोपी पकड़ाया

Related Articles

Leave a Comment