
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत बड़ाजामदा क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 22 वर्षीय युवक ने 6 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घर में अकेली पाकर की गंदी हरकत
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 11 जुलाई को सुबह की है। पीड़िता की मां रोज की तरह सुबह अपने काम पर गई हुई थी। इस दौरान मासूम बच्ची मकान मालिक के घर पर उनके बच्चे के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते जब वह बच्चा सो गया, तो पीड़ित बच्ची अकेले बैठकर टीवी देखने लगी।इसी सूनेपन का फायदा उठाकर मकान मालिक का रिश्तेदार 22 वर्ष आकाश लोहार वहां दाखिल हुआ। उसने मासूम को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म की कोशिश की। जब बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए इसका विरोध किया और अपनी मां से शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी डरकर मौके से भाग खड़ा हुआ।
मां के घर लौटते ही खुला राज
दोपहर करीब 2 बजे जब महिला काम से वापस घर लौटी, तो बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई। सहमी हुई मां ने बिना वक्त गंवाए तुरंत बड़ाजामदा पुलिस को मामले की सूचना दी।
पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आकाश लोहार पिता- मांगू लोहार को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। वह मूल रूप से चक्रधरपुर का रहने वाला है और फिलहाल टंकिसाई में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है। मामले पर पुलिस ने कहा कि पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच कर रही है और पीड़ित परिवार को हर संभव कानूनी मदद व न्याय दिलाया जाएगा।

