
रांची: 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के आयोजन से पहले शनिवार को रांची के केरकेट्टा ऑडिटोरियम, दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन में ट्रॉफी शोकेस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया तथा राजधानी में फुटबॉल महाकुंभ को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

समारोह में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, 23 इन्फैंट्री ब्रिगेड (आईबीजी) सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय सेना और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि रांची के लिए 135वें डूरंड कप की मेजबानी गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन मुकाबले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। उन्होंने राज्यवासियों, विशेषकर फुटबॉल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि रांची को देश के प्रमुख फुटबॉल क्लबों के साथ एक अंतरराष्ट्रीय टीम की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भारतीय सेना का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह प्रतिष्ठित आयोजन झारखंड में संभव हो सका है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य अपनी पारंपरिक मेहमाननवाजी से सभी खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करेगा।
गौरतलब है कि पहली बार रांची 135वें डूरंड कप के मुकाबलों की मेजबानी कर रहा है। मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से टूर्नामेंट के सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें एक क्वार्टर फाइनल भी शामिल है। इसे झारखंड के खेल इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

