
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बोदरा चौक के पास हुई छिनतई की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनतई में लूटा गया सैमसंग कंपनी का टैबलेट और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के दिकुबालकांड गांव निवासी ललिता नायक (31 वर्ष) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि बोदरा चौक के पास साइकिल में रखे उनके बैग की अज्ञात अपराधियों ने छिनतई कर ली। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार साव (32 वर्ष), निवासी न्यू कॉलोनी नीमडीह, मुफ्फसिल थाना को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रवि कुमार साव ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि लूटा गया वीवो मोबाइल उसने अपने साथी दानु कारवा (22 वर्ष), निवासी छोटा नीमडीह, सदर थाना को बेचने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने दानु कारवा को भी गिरफ्तार कर उसके पास से वीवो मोबाइल बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
मुख्य आरोपी रवि कुमार साव के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
मुख्य आरोपी रवि कुमार साव के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2016, 2025 और 2025 में सदर एवं मुफ्फसिल थाना में मारपीट, छिनतई सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टुटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रामायण सिंह, अरविंद कुमार शर्मा तथा मुफ्फसिल थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

