
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को सेहतमंद भविष्य देने के लिए एक बड़ी पहल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड और पश्चिमी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सदर अस्पताल परिसर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस मेगा शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, सदर एसडीओ संजय कुमार और अमृता हॉस्पिटल (कोच्चि) के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार समेत कई वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व भारी संख्या में मरीज और उनके परिजन उपस्थित थे।
200 से अधिक बच्चों की जांच, मुफ्त सर्जरी के लिए चयन
शिविर में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे 200 से ज्यादा बच्चों के दिल की विस्तृत जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग (CHD) या अन्य गंभीर दिल की बीमारियों के लक्षण पाए गए, उन्हें आगे के एडवांस ट्रीटमेंट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चिह्नित बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के सहयोग से बिल्कुल मुफ्त हार्ट सर्जरी की सुविधा दी जाएगी।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा इलाज:उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि एक स्वस्थ बचपन ही सशक्त समाज का आधार होता है। जिला प्रशासन का यह संकल्प है कि पैसों की कमी की वजह से कोई भी बच्चा बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से गंभीर बीमारियों की सही समय पर पहचान कर बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ जैसे शिविर न सिर्फ बच्चों को नया जीवन दे रहे हैं, बल्कि उनके परिवारों में भी एक नई उम्मीद जगा रहे हैं। अगर बच्चों में दिल की बीमारी के कोई भी लक्षण दिखें, तो परिजन तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर इन मुफ्त योजनाओं का लाभ उठाएं।
गिफ्ट ऑफ लाइफ मुहिम के तहत मुफ्त में होगा गरीब बच्चों के दिल का ऑपरेशन : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि RBSK के तहत जन्मजात दिल की बीमारियों समेत कई गंभीर रोगों से ग्रसित बच्चों को चिह्नित कर देश के बड़े विशेषज्ञ अस्पतालों में रेफर किया जाता है। ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ मुहिम के तहत गरीब परिवारों के बच्चों के दिल का ऑपरेशन बिना किसी खर्च के कराया जाएगा। शिविर के दौरान डॉक्टरों ने बच्चों की सेहत जांचने के साथ-साथ उनके माता-पिता को हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच कराने के फायदों के बारे में जागरूक भी किया। जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी अभिभावकों से बच्चों की सेहत के प्रति सजग रहने और सरकार की इन कल्याणकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

