
चाईबासा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित ‘झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024’ पश्चिमी सिंहभूम जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में आयोजित की जा रही है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर है।
उपायुक्त और एसपी ने खुद संभाला मोर्चा, केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
परीक्षा व्यवस्था का जमीनी जायजा लेने के लिए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार के साथ चाईबासा के पीएम प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय और सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा शुरू होने तक की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से देखा।
जांच कमेटी ने इन मुख्य व्यवस्थाओं की जांच की
* प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और पहचान पत्र सत्यापन
* बायोमैट्रिक हाजिरी और परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था।
* प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और कमरों में अनुशासन की स्थिति।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमों का हो अक्षरशः पालन: उपायुक्त
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने केंद्र अधीक्षकों और तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी परीक्षा खत्म होने तक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं और आयोग की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर : एसपी
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी अवधि के दौरान अलर्ट रहने को कहा। एसपी ने निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोहराया कि परीक्षा की गरिमा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिसके चलते पूरे जिले में परीक्षा बेहद सुव्यवस्थित, पारदर्शी और कदाचारमुक्त माहौल में आगे बढ़ रही है।

