
धनबाद : चासनाला स्थित पाथरडीह कोल वाशरी में शनिवार को दबदबे को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। बीसीसीएल की मीवान स्टील लिमिटेड साइडिंग पर हुई इस हिंसक झड़प में दर्जनों लोग घायल हुए हैं। इलाके में अचानक हुई मारपीट से करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा और पूरा परिसर जंग का मैदान बन गया।
लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुरानी रंजिश और इलाके में अपनी धाक जमाने को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, पत्थर और धारदार हथियार चलने लगे। जान बचाने के लिए आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे।
मारपीट में कई घायल, गाड़ियों में तोड़फोड़
इस वारदात में कई लोगों के सिर फटे हैं और गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में कतरास के अभिषेक और सरायढेला के रोहित सिंह शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षाबलों ने बचाकर अंदर पहुंचाया। उपद्रवियों ने वहां खड़ी कई गाड़ियों को भी निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ डाले। क्षतिग्रस्त वाहनों में रघुकुल समर्थकों की थार और ब्रीजा के अलावा ढुलू महतो समर्थकों की स्कॉर्पियो गाड़ी शामिल है।
CISF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की खबर मिलते ही पाथरडीह थाना पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का विवरण जुटाया जा रहा है।

