Home » Palamu News : NH के निर्माण स्थल पर फायरिंग मामले में दो अज्ञात अपराधियों पर हुई एफआईआर, गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

Palamu News : NH के निर्माण स्थल पर फायरिंग मामले में दो अज्ञात अपराधियों पर हुई एफआईआर, गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

by Rakesh Pandey
Palamu News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण स्थल पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 20 अगस्त 2026 की देर रात निर्माण साइट पर बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले दो मजदूर अजय हांसदा और संजय हांसदा गोली लगने से घायल हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने घायल मजदूर संजय हांसदा का बयान दर्ज किया। उनके फर्द बयान के आधार पर दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

घटनास्थल से मिला गिरोह का पर्चा

पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से राहुल दुबे गिरोह से संबंधित एक पर्चा और चार खाली खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में फायरिंग के लिए नए हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के संभावित ठिकानों पर सर्च अभियान भी तेज कर दिया है।

रंगदारी को लेकर फायरिंग की आशंका

जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-139 के फोरलेन निर्माण का तीसरा चरण सतबरवा से लातेहार क्षेत्र के बीच चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में लगी कंपनी से रंगदारी की मांग को लेकर अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की।
घटना वाले स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। फ्लाईओवर के ऊपर बनाए गए अस्थायी कैंप में मजदूर रात में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने अचानक गोलियां चला दीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

फायरिंग की सूचना मिलते ही पलामू जिला के एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, बरामद पर्चे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही फायरिंग के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Read Also- Seraikela News: गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास एक मकान में मिला युवक का शव, पुलिस को आत्महत्या की आशंका

Related Articles

Leave a Comment